Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / नेशनल हाईवे पर कंचन ढाबा सील,अवैध शराब पर कटघोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नेशनल हाईवे पर कंचन ढाबा सील,अवैध शराब पर कटघोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोरबा, 26 अप्रैल 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ SP सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे स्थित कंचन ढाबा को सील कर दिया। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और पूर्व में की गई गिरफ्तारी के बावजूद ढाबे में जारी अवैध शराब गतिविधियों के चलते की गई।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति  के अनुसार दो दिन पहले ही कंचन ढाबा से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इसके बावजूद ढाबे में अवैध गतिविधियां जारी रहने की सूचना मिल रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग के निर्देश पर रविवार को पुलिस की मौजूदगी में ढाबा परिसर को विधिवत सील किया गया। इस दौरान भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह द्वारा ढाबे में ताला लगाया गया और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध शराब की बिक्री या सेवन की शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोपाल यादव और आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे की विशेष भूमिका रही।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *