

खनिज विभाग ने जब्त किया चैन माउंट मशीन
लाखों की मशीन छुड़ाने जैन अब चक्कर काट रहा खनिज विभाग का
कोरबा। वर्षों से रेत के अवैध तस्करी के काले कारोबार में कांग्रेस नेता सुधीर जैन की चैन माउंट मशीन खनिज विभाग ने जब्त कर लिया है। खनिज विभाग की इस कार्यवाही से रेत तस्करों में हड़कम्प मचा हुआ है। सुधीर जैन अब जब्त चैन माउंट मशीन को छुड़ाने खनिज विभाग कार्यालय का चक्कर काट रहा है।
वर्षों बाद कार्यवाही के जद में आया कांग्रेस नेता
खनिज विभाग ने बीते दिनों कोरबा ब्लाक के कछार से होकर गुजरी नदी में छापा मारा और अवैध रूप से रेत उत्खनन में लगी चैन माउंट मशीन को जब्त कर लिया। वर्षों से रेत की तस्करी में लगे सुधीर जैन पहली बार प्रशासन की कार्यवाही के जद में आया है।
जैन, चैन माउंट मशीन लगाकर कर रहा था अवैध उत्खनन

कोरबा ब्लाक की ग्राम पंचायत कछार खनिज विभाग से स्वीकृत रेत खदान है और रेत उत्खनन का कार्य पंचायत कर रही है। इसके पूर्व सुधीर जैन को उक्त रेत खदान स्वीकृत की गई थी और भारी मात्रा में रेत स्टोरेज किया हुआ था। रेत खदान ग्राम पंचायत को मिलने के बाद भी वह अवैध रूप से चैन माउंट मशीन से रेत खुदाई करवा रहा था और रेत स्टोरेज में रेत डम्प करा रहा था।
खनिज विभाग को जानकारी मिलने के बाद कछार नदी में छापा मारा और अवैध रेत उत्खनन में लगी कांग्रेस नेता सुधीर जैन की चैन माउंट मशीन को जब्त कर लिया।
जिला कांग्रेस शहर के महामंत्री हैं जैनकुछ माह पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी की घोषणा हुई थी, जिसमें पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सुधीर जैन को महामंत्री बनाया गया है। सुधीर जैन कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं और दबंगई से अवैध रेत उत्खनन में लगा हुआ था। खनिज विभाग की कार्यवाही से सुधीर जैन की जमीन खिसक गई और खनिज विभाग ने रेत तस्करी का काला साम्राज्य ढहा दिया।
सुधीर जैन की चैन माउंट मशीन जब्त की गई है- खनिज अधिकारी वर्मा
सहायक खनिज अधिकारी राकेश वर्मा ने प्रतिनिधि से चर्चा करते हुए कहा कि कछार नदी में चैन माउंट मशीन से अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर उड़नदस्ता टीम द्वारा छापा मारा गया था और चैन माउंट मशीन जब्त की गई है। चैन माउंट मशीन सुधीर जैन की है और नदी में अवैध रेत उत्खनन के कारण कलेक्टर के निर्देश पर कार्यवाही की गई।
अवैध रेत उत्खनन पर लगातार कार्यवाही जारी है और कहीं भी रेत की तस्करी की जाती है तो सूचना पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्यवाही की जा रही है।
दबंगई से सुधीर जैन कर रहा था रेत तस्करी-सचिव रवि कंवर
ग्राम पंचायत के सरपंच पति जागेश्वर सिंह कंवर को कई बार फोन लगाया गया, लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं किया। सचिव रवि सिंह कंवर ने बताया कि प्रशासन ने कछार खदान को पंचायत के लिए स्वीकृत की है, लेकिन सुधीर जैन दबंगई से चैन माउंट मशीन से रेत की तस्करी कर रहा था। पिछले बार सुधीर जैन को खदान मिली थी और उसी का फायदा उठाते हुए कई महीने से अवैध रेत उत्खनन कर रहा था।
