
कोरबा। शहर के टीपी नगर चौक पर ट्रैफिक सिग्नल और एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में नगर निगम की संपत्ति को लगभग 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाए जा रहे ट्रेलर (CG 12 BG 7284) ने ट्रैफिक सिग्नल पोल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सिग्नल लाइट, विज्ञापन बोर्ड, काउंटडाउन टाइमर और निगम का कैमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस संबंध में राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत दिनेश कुमार आदित्य की शिकायत पर चौकी सीएसईबी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर थाना और सीएसईबी चौकी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक रामलाल अगरिया (24) निवासी बांगो थाना क्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को 29 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।
