
बीजापुर। नवपदस्थ कलेक्टर श्री विश्वदीप ने पदभार संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। शनिवार को इन्द्रावती सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक में उन्होंने शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्य निष्पादन और आम जनता तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।बैठक में कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि बीजापुर जैसे चुनौतीपूर्ण जिले में कार्य करना बड़ी जिम्मेदारी है और यहां के अधिकारी-कर्मचारी बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।सुशासन तिहार के तहत लगाए जा रहे जनसमस्या निवारण शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में मौके पर ही ज्यादा से ज्यादा प्रकरणों का निराकरण किया जाए ताकि कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।बैठक में “बस्तर मुन्ने” और “नियद नेल्लानार 2.0” अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत सैचुरेशन प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए और पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजनाओं का लाभ दिया जाए।जनगणना 2026 की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।बैठक में अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद रहे।
