Home / कोरबा / KORBA:कुसमुण्डा में CBI की दबिश,पकड़ा गया क्लर्क

KORBA:कुसमुण्डा में CBI की दबिश,पकड़ा गया क्लर्क

। कोरबा जिले में एसईसीएल कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ लिपिक मनोहर लाल कौशिक को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के दल ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लिपिक एक खदान कर्मी से उसके पीएफ के पांच लाख रुपये निकालने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। परेशान होकर खदान कर्मी ने सीबीआई से शिकायत की थी।
भिलाई से पहुंचे सीबीआई दल ने रविवार की सुबह जाल बिछाकर लिपिक को पकड़ा। इस घटना के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, खदान कर्मी अपना पीएफ का पैसा निकालना चाहता था। इसके लिए वह मनोहर लाल कौशिक के पास पहुंचा था। आरोप है कि मनोहर ने फाइल आगे बढ़ाने के लिए उसे कई बार दफ्तर के चक्कर लगवाए। काम करने के बदले लिपिक ने रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एक दल कुसमुंडा भेजा।
सीबीआई का दल दो वाहनों में सवार होकर कुसमुंडा पहुंचा। दल ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही लिपिक मनोहर लाल कौशिक ने खदान कर्मी से रिश्वत की रकम ली, सीबीआई ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रविवार होने के कारण दफ्तर बंद था और लिपिक ने कहीं और बुलाया था। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *