Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

पिकनिक मनाकर लौटते समय ऑटो रिक्शा पलटा, दो की मौत, सात युवक घायल, कोसगाई के रास्ते लौटते समय अजगरबहार में हुआ हादसा

कोरबा। जिले में सोमवार की देर शाम बड़ी अनहोनी हो गई। झोराघाट से पिकनिक मनाकर लौटते समय ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ऑटो सवार आठ युवकों को चोटें आई, जिनमें दो की हालत गंभीर थी। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सात अन्य घायलों को अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थानांतर्गत खरमोरा में रहने वाले युवकों ने पिकनिक के लिए झोराघाट जाने की योजना बनाई थी। करीब 20-25 युवक अलग अलग साधन से पिकनिक के लिए झोराघाट पहुंचे थे। देर शाम तक पिकनिक मनाने के बाद सभी युवक घर लौट रहे थे। इस दौरान दस युवक आटो में सवार होकर कोसगाई के रास्ते खरमोरा के लिए रवाना हुए थे। वे बालको थानांतर्गत अजगर बहार में पुल के समीप पहुंचे थे, इसी दौरान चालक ने आटो रिक्शा से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ऑटो के पलटते ही युवकों में चीख पुकार मच गई। हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए आटो रिक्शा के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला। घटना में करीब 8 युवक घायल थे, जिनमें दो की हालत गंभीर थी। उन्हें इलाज के लिए आनन फानन मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सोनू यादव 20 वर्ष व सत्यम यादव 21 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे में सात अन्य घायल हुए हैं, जिनका निजी व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही लोग भारी संख्या में अस्पताल पहुंचे थे। बहरहाल मृतकों के शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!