
कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी चौकी के ढेंगुरनाला कोहड़िया का है, जहां बसंत पटेल की आत्महत्या मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को ढेंगुरनाला कोहड़िया निवासी बसंत पटेल (40 वर्ष) द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान परिजनों, गवाहों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से यह सामने आया कि आरोपी नीलकुमार चौहान ने मृतक से ₹15,000 लिए थे, जिन्हें वापस नहीं किया जा रहा था। साथ ही आरोपी द्वारा लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना दिए जाने की बात भी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच में आरोपी की भूमिका स्पष्ट होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीलकुमार चौहान (36 वर्ष) निवासी ग्राम महेदी, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ढेंगुरनाला कोहड़िया में रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, अपराध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
