Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / राताखार बायपास में ट्रेलर पलटा यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित

राताखार बायपास में ट्रेलर पलटा यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित

घंटों जाम में फंसे वाहन, पसीना बहाया ट्रैफिक टीम ने
कोरबा नगर पालिका निगम क्षेत्र के राताखार बायपास मार्ग पर एक ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। दुर्घटना के कारण सडक़ के एक बड़े हिस्से पर आवागमन बाधित हो गया, जिससे क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित हो गई। हालात को सामान्य करने के लिए प्रशासन और यातायात विभाग को विशेष अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी।

राताखार बायपास मार्ग बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में पावर हाउस रोड का रुख किया। इससे कैनाल ब्रिज चौराहा, शारदा विहार रेलवे क्रॉसिंग और ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक यातायात का भारी दबाव देखने को मिला। सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई वाहन चालकों को बीच रास्ते से ही यू-टर्न लेकर वापस लौटना पड़ा। जाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में यातायात विभाग का फील्ड स्टाफ तत्काल सक्रिय हुआ। कैनाल ब्रिज चौराहा और शारदा विहार रेलवे क्रॉसिंग के आसपास अतिरिक्त पुलिस एवं ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई। जवानों ने लगातार वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए यातायात को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद बायपास मार्ग से ट्रेलर को हटाया गया, जिसके पश्चात धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। हालांकि इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद यातायात विभाग ने भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और त्वरित यातायात प्रबंधन को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि जाम की समस्या को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *