
कोरबाजिला प्रशासन ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन की टीम ने पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच नेशनल हाइवे क्रमांक 130 में तीन मकान को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। यह मकान सड़क निर्माण में बाधक था। इसी तरह कनकी तरदा मार्ग में भी तीन मकान ढहाए गए हैं। हालांकि ग्रामीणों के भारी विरोध के मद्देनजर कार्रवाई को कुछ दिनों के लिए स्थगित किया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन को कनकी- तरदा मार्ग में सिंचाई विभाग की जमीन पर बड़े पैमाने में अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। यहां ग्रामीणों ने मकान व दुकान बनाना शुरू कर दिया था। कई लोगों ने जमीन की प्लाटिंग कर खरीदी बिक्री शुरू कर दी थी। प्रशासन ने लगातार मिल रही शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 85 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया था। नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नही हटाया गया था। लिहाजा शुक्रवार की सुबह बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय के नेतृत्व में प्रशासन व पुलिस की टीम कनकी-तरदा मार्ग पहुंची। टीम कार्रवाई करती, इससे पहले ग्रामीण भारी संख्या में एकत्रित हो गए। प्रशासनिक अमले ने काफी गहमागहमी के बीच कार्रवाई शुरू की। टीम तीन मकान को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। कार्रवाई आगे बढ़ती, इससे पहले ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों के भारी विरोध से तनाव की स्थिति निर्मित हो सकती थी, लिहाजा कार्रवाई को आगामी दिनो तक स्थगित कर दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों मे पुलिस बल के साथ पुन: कार्रवाई की जा सकती है। इसी तरह नेशनल हाइवे क्रमांक 130 सुतर्रा- जुराली मार्ग में मुआवजा विवाद के चलते दो साल से सड़क निर्माण कार्य अटका हुआ था। कोर्ट में सुनवाई उपरांत करीब सप्ताह भर पहले मुआवजे का वितरण कर दिया गया। इसके बावजूद मकान खाली नही किया गया था। सुतर्रा- जुराली के बीच सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो सके, इसके लिए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन के तोड़ूदस्ते ने सड़क निर्माण के बाधा बन रहे तीन मकान को ढहा दिया। इसके साथ ही सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बहरहाल प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है
