Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा में जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला पर फरसे से जानलेवा हमला के बाद हालत गंभीर, नाबालिग आरोपी हिरासत में

कोरबा में जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला पर फरसे से जानलेवा हमला के बाद हालत गंभीर, नाबालिग आरोपी हिरासत में

कोरबा के लखनपुर गांव में जादू-टोना के शक में एक नाबालिग ने बुजुर्ग महिला पर फरसे से हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

 कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त और नशे के आदी नाबालिग युवक ने जादू-टोना के संदेह में अपनी ही पड़ोस की एक बुजुर्ग महिला पर फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

आरोपी नाबालिग​ मानसिक बीमारी से दो वर्षों से जूझ रहा था

​मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नाबालिग पिछले दो वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और साथ ही वह गंभीर रूप से नशे का आदी भी है। सोमवार को अचानक उसने अंधविश्वास के चलते पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग महिला पर जादू-टोना करने का शक किया और आपा खो बैठा। उसने घर में रखे चारा काटने वाले फरसे से महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद चीख-पुकार सुनकर घटना स्थल पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मौके पर पहुँची एम्बुलेंस, लहूलुहान बुजुर्ग महिला को ले जाया गया​ नजदीकी अस्पताल 

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल ‘डायल 112’ को सूचना दी। मौके पर पहुँची एम्बुलेंस की मदद से लहूलुहान बुजुर्ग महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों ने महिला की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया है। आरोपी नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले दो साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और नशे की लत का शिकार है, जिसके कारण उसका व्यवहार हिंसक हो चुका था।

पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया

​कटघोरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जाँच और पूछताछ शुरू कर दी है। ​

मानसिक रोगियों के इलाज की मांग

इस खूनी वारदात के बाद से लखनपुर गाँव में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस से कड़ी नाराजगी जताते हुए मांग की है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, समाज में घूम रहे ऐसे मानसिक रूप से बीमार और हिंसक प्रवृत्ति के लोगों के समुचित इलाज व पुनर्वास के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *