Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

Korba : जन्मदिन का जश्न मातम में बदला, दोस्त ने बोलेरो कैंपर से रौंदा; युवक की मौत, हत्या का केस दर्ज

4  उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में आयोजित जन्मदिन की पार्टी के बाद शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान लेकर खत्म हुआ। बोलेरो कैंपर से कुचलने की घटना में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

छुट्टियां व मौसमी आयोजन

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल सिंह के बीच कहासुनी हो गई। उस समय मौजूद साथियों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया, लेकिन रिजॉर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि गुस्से में तुषार ढांडा ने अपनी बोलेरो कैंपर तेज रफ्तार से उज्जवल सिंह की ओर दौड़ा दी। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। साथियों ने घायल युवक को तत्काल शिवाय हॉस्पिटल, कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद के चलते घटना सामने आई है। आरोपी तुषार ढांडा के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!