Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद

उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा से सूचना मिली कि एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि मृतका अग्घन बाई धनवार और उसका पति परदेशी राम धनवार (41 वर्ष) पिछले कुछ दिनों से भैंसमुड़ा में रह रहे थे। आरोपी शराब के नशे में अक्सर पत्नी से विवाद और मारपीट करता था।

पुलिस जांच के अनुसार, 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी से विवाद किया और घर में रखे बांस के डंडे से उसके सिर व शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी परदेशी राम धनवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

प्रकरण का विवरण

थाना: उरगा, जिला कोरबा

अपराध क्रमांक: 428/2026

धारा: 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)

आरोपी: परदेशी राम धनवार (41 वर्ष), निवासी मड़वारानी, वर्तमान निवासी ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा, थाना उरगा, जिला कोरबा।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आमजन से घरेलू हिंसा या किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर गंभीर अपराधों की रोकथाम की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!