Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा: नहाते समय हसदेव नदी के एनीकट में बहा नाबालिग, तेज बहाव के बीच गोताखोरों ने शुरू किया तलाश अभियान

 कोरबा जिले में नदी-नालों में बहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल में हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर सूरज महंत तेज बहाव में बह गया। सूरज, सुरेश महंत का बेटा है।

घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। सूरज एनीकट में नहा रहा था, तभी अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। एनीकट पर मौजूद लोगों ने उसे बहते देखा तो शोर मचाया और परिजनों व पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल और नगर सेना के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत किशोर की तलाश शुरू कर दी। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए हैं। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तेज बहाव के कारण तलाश में परेशानी

लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी उफान पर है और एनीकट में पानी का बहाव काफी तेज है। इसके चलते गोताखोरों को किशोर की तलाश में काफी परेशानी हो रही है। आशंका है कि सूरज तेज बहाव के साथ आगे बह गया है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।

नदी-नालों में नहीं जाने की अपील

जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। पिछले कुछ दिनों में बहने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिला प्रशासन ने लोगों को उफनते नदी-नालों और एनीकट के पास जाने से बचने की चेतावनी दी है। लोगों से बच्चों को भी नदी-नालों से दूर रखने की अपील की गई है। फिलहाल पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और तलाशी अभियान चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!