Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा: जन्माष्टमी पर सर्व यादव समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा, मंत्री और महापौर हुए शामिल

 कोरबा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज ने शोभायात्रा और रैली निकाली। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

डॉ. भीमराव ओपन थिएटर खेल मैदान, घंटाघर कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। उन्होंने सभी यादव समाज के लोगों को जन्माष्टमी की बधाई दी। इस मौके पर समाज के बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद रहे।

इस मौके पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से नगर और जिले में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाज की मांग के हिसाब से विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

मंदिर और सामुदायिक भवनों के लिए 10-10 लाख के काम पूरे

लखनलाल देवांगन ने बताया कि यादव समाज की मांगों को प्राथमिकता देकर कई इलाकों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें बालको शांति नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भवन के ऊपरी तल का निर्माण 10 लाख रुपए में, जमनीपाली में सामुदायिक भवन निर्माण 10 लाख रुपए में और शारदा विहार अमरैय्यापारा राधाकृष्ण मंदिर के ऊपरी तल का निर्माण, अन्य विस्तार कार्य 10 लाख रुपये में पूरे हो चुके हैं।

वहीं, वैशाली नगर मिनी स्टेडियम के पास मंच निर्माण और कक्ष सहित 10 लाख रुपए का काम चल रहा है। इसके अलावा लाटा मेन रोड में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए और मानिकपुर यादव मोहल्ले में भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की जल्द ही मंजूरी मिलने वाली है। मंजूरी मिलने के बाद इन कार्यों को भी जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यादव समाज के विकास और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए आगे भी लगातार कोशिशें की जाएंगी। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के पूरे विकास के लिए मिलकर काम करना हमारा लक्ष्य है। इस आयोजन के लिए उन्होंने सर्व यादव समाज को बधाई दी और समाज की एकता की तारीफ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!