Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

वीबीजीरामजी के तहत पंचायतों में अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें – सांसद महंत

ग्रामीण क्षेत्रों में मुक्तिधाम व शेड, स्कूलों में शौचालय और अन्य सुविधाएं विकसित करने के निर्देश

मोबाइल मेडिकल यूनिट से गांवों में बीपी, शुगर और टीबी स्क्रीनिंग प्राथमिकता से कराने किया निर्देशित


दिशा की बैठक में सांसद ज्योत्सना महंत ने शिक्षा, स्वास्थ्य व जल जीवन मिशन के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने दिए निर्देश


कोरबा, 16 सितम्बर 2026/ जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने अधिकारियों को जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क मरम्मत एवं जल जीवन मिशन के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की बात कही।
सांसद श्रीमती महंत ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। उन्होंने वीबीजीरामजी अंतर्गत स्वीकृत एवं संचालित कार्यों तथा सृजित मानव दिवस की जानकारी लेते हुए पंचायतों में अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार मुक्तिधाम एवं शेड, स्कूलों में शौचालय, बाउंड्रीवाल, किचन शेड एवं स्टोर रूम का निर्माण कराने तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत हितग्राहियों को नियमित रूप से पेंशन प्रदान करने तथा पंचायतों में सर्वे कर पात्र वयोवृद्ध  व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उन्हें लाभान्वित करने के लिए कहा। बिहान के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को समूहों से जोड़कर शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, उनका कौशल उन्नयन करने तथा स्वरोजगार स्थापित कराने में सहयोग प

जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश

सांसद श्रीमती महंत ने लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हर घर पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्टाफ की नियुक्ति तथा आवश्यक उपकरण और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दूरस्थ इलाकों में पोस्टमार्टम केंद्र, मर्च्युरी एवं एंबुलेंस की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आपातकाल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ही बीपी, शुगर, टीबी स्क्रीनिंग सहित अन्य बीमारियों की जांच प्राथमिकता से कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में बेहतर आवागमन के लिए सड़कों की स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना में जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए सभी संबंधितों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने हितग्राहियों को पीडीएस दुकानों से समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा।

विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, एकीकृत बाल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भू-अभिलेख आधुनिकीकरण, दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्कूल शिक्षा विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग, सांख्यिकी विभाग, ई-श्रम, नगर पालिक निगम, डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, डिजिटल इंडिया तथा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा की गई। सांसद श्रीमती महंत ने अधिकारियों को योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन करने एवं आमजनों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल ने जिले में शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने एवं योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आपसी सहयोग से विभागीय योजनाओं का धरातल पर बेहतर ढंग से संचालन करने तथा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने जिले के विकास कार्यों में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने एवं स्वीकृत कार्यों को समयावधि में पूर्ण कराने की बात कही।

स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला, बाउंड्रीवाल शौचालय और पेयजल सुविधाओं का प्राथमिकता से होगा विस्तार – कलेक्टर

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन का आश्वासन देते हुए जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वीकृति के लिए शेष जर्जर स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवन निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी। स्कूलों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला, बाउंड्रीवाल, बालिका शौचालय एवं पेयजलापूर्ति के लिए पानी टंकी सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में टीबी मरीजों की हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से गांवों में शिविर लगाकर स्क्रीनिंग की जा रही है तथा प्राथमिकता से स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया जा रहा है। बीपी एवं शुगर के मरीजों को भी मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में आमजनों को टीबी स्क्रीनिंग के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए आवासीय स्पोर्ट्स एकेडमी विकसित कर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। आगामी दिनों में विकासखंडों में एक-एक स्टेडियम निर्माण की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ तिवारी, कमिश्नर नगर निगम आशुतोष पाण्डेय, वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, विभिन्न जनपदों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!