Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

फसल नुकसान के विवाद में किसान ने पशुपालक पर चलाया तीर, कूल्हे में धंसा बाण; आरोपी फरार

फसल नुकसान के विवाद में किसान ने पशुपालक पर चलाया तीर, कूल्हे में धंसा बाण; आरोपी फरार

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र की जटगा चौकी अंतर्गत ग्राम तेंदुबेदरा के जंगल में फसल नुकसान को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि एक किसान ने धनुष-बाण से पशुपालक पर हमला कर दिया। बाण पशुपालक के बाएं कूल्हे में जा धंसा। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी किसान और उसका साथी मौके से फरार हो गए।

650 भेड़-बकरी और घोड़ों के साथ पहुंचे थे पशुपालक

पुलिस के अनुसार, कवर्धा जिले के भागनपुर निवासी 24 वर्षीय लीलीधर सप्रे अन्य पशुपालकों के साथ करीब 650 भेड़-बकरी और घोड़े लेकर दो दिन पहले तेंदुबेदरा के जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान समूह का एक घोड़ा निकलकर ग्राम तेंदुभाठा निवासी गंगादीन मरकाम के खेत में पहुंच गया और धान की फसल को नुकसान पहुंचा दिया।

500 रुपये मुआवजा देने के बाद फिर हुआ विवाद

फसल खराब होने की शिकायत के बाद गंगादीन अपने बच्चों के साथ पशुपालकों के पास पहुंचा। बातचीत के बाद समूह में शामिल अनिल पाल ने फसल नुकसान के बदले 500 रुपये मुआवजा दिया। इसके बाद गंगादीन अपने बच्चों के साथ वहां से लौट गया।

शिकायतकर्ता लीलीधर सप्रे का आरोप है कि रात करीब 8 बजे गंगादीन अपने साथी अर्जुन सिंह के साथ दोबारा पशुपालकों के पास पहुंचा। दोनों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

बचने की कोशिश में कूल्हे में लगा तीर

आरोप है कि इसी दौरान गंगादीन ने लीलीधर को निशाना बनाकर धनुष से तीर चला दिया। लीलीधर ने बचने के लिए पीछे हटने की कोशिश की, लेकिन बाण उसके बाएं कूल्हे में धंस गया। घटना के समय अनिल पाल, हेमलाल और प्रहलाद पाल भी वहां मौजूद थे और उन्होंने घटना देखी। वारदात के बाद गंगादीन और अर्जुन सिंह मौके से भाग गए।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घायल लीलीधर को अनिल पाल और राजेंद्र पाल उपचार के लिए कटघोरा के नगोई अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया।

जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव के अनुसार, पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!