KORBA: पसान में शराब को लेकर विवाद ने लिया खूनी मोड़, महिला की हत्या; खेत तक पीछा कर पत्थर से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा/पसान। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला का पीछा कर सुनसान खेत के पास पत्थर से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, लोकडहा उरांवपारा निवासी सुखमनिया एक्का की 22 सितंबर 2026 को हत्या हुई थी। मामले में पसान थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतिका शराब पीने की आदी थी और अक्सर सहस राम मिंज के घर जाकर उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी के साथ शराब पीती थी। पुलिस के अनुसार, सहस राम मिंज ने महिला को कई बार अपने घर के लोगों के साथ शराब नहीं पीने की समझाइश दी थी और इस बात को लेकर उसे डांटा भी था।

घटना वाले दिन सहस राम मिंज बकरी चराकर शाम के समय अपने घर लौटा। पुलिस के अनुसार, उस समय उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया एक्का घर में मौजूद थीं। तीनों के शराब के नशे में होने की बात जांच में सामने आई।

इसी दौरान आरोपी ने सुखमनिया को डांटते हुए घर से चले जाने के लिए कहा। इसके बाद महिला अपने चाचा के घर की ओर जाने लगी। पुलिस का आरोप है कि सहस राम मिंज ने उसका पीछा किया और मुड़हीकुवां खेत के पास सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद पत्थर से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पसान पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। डॉग स्क्वायड के बाघा की मदद से मिले सुरागों और घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सहस राम मिंज को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!