वृद्धजन दिवस समारोह में प्रशांति वृद्धाश्रम के बुजुर्गों की अनदेखी, कलेक्टर से शिकायत

कोरबाअंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशांति वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत सौंपकर मामले की जांच और समाज कल्याण विभाग के उप संचालक एवं परिवीक्षा अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों का सम्मान करने के साथ उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। वहीं, प्रशांति वृद्धाश्रम में निवासरत 28 महिला एवं पुरुष वरिष्ठ नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। शिकायत के अनुसार, प्रशांति वृद्धाश्रम लगभग 23 वर्षों से वरिष्ठ नागरिकों की सेवा एवं देखभाल का कार्य कर रहा है। यहां ऐसे बुजुर्ग निवासरत हैं, जिन्हें आश्रय, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, सुरक्षा और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता है। शिकायत में आरोप लगाया है गया है कि प्रशांति वृद्धाश्रम के संचालन एवं यहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के हितों से संबंधित मामलों में समाज कल्याण विभाग से पिछले करीब तीन वर्षों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, तत्कालीन उप संचालक श्रीमती गोयल के कार्यकाल में भी वृद्धाश्रम की उपेक्षा की गई। वर्तमान में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक हरीश सक्सेना एवं परिवीक्षा अधिकारी मुकेश दिवाकर के कार्यकाल में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। संस्था ने वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में भी भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि पूर्व में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रमों में प्रशांति वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाता रहा है और उनका सम्मान भी किया जाता था। ऐसे में इस वर्ष आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के 28 बुजुर्गों को आमंत्रित नहीं किए जाने से संस्था ने इसे पीड़ादायक एवं निराशाजनक बताया है। नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद सादिक शेख ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!