Home / जांजगीर-चांपा / जांजगीर-चांपा में स्कूल के बच्चों से ढुलवाया जा रहा पानी, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा में स्कूल के बच्चों से ढुलवाया जा रहा पानी, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल। जिले के बलौदा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्राथमिक शाला के छोटे-छोटे बच्चों से पानी ढुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला जनपद प्राथमिक शाला करमा का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नन्हे बच्चे अपने सिर पर पानी से भरे बड़े-बड़े बर्तन उठाकर स्कूल परिसर में इधर-उधर जाते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ बच्चे बाल्टियों में पानी भरकर स्कूल के कार्यालय की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों से इस तरह का काम करवाया जाना लोगों को हैरान कर रहा है।

सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि इस दौरान स्कूल की प्रधानपाठिका भी मौके पर मौजूद थीं, लेकिन इसके बावजूद बच्चों को इस प्रकार के कार्य से नहीं रोका गया। इससे स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है और वे इस पूरे मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जहां एक ओर स्कूल को बच्चों के लिए शिक्षा और बेहतर वातावरण का केंद्र होना चाहिए, वहीं इस तरह की घटनाएं व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। बच्चों से श्रम करवाना न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर भी असर डाल सकता है।

मामले में जब प्रधानपाठिका से जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीडिया से ही स्कूल में प्रवेश को लेकर सवाल खड़े कर दिए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने भी व्यस्तता का हवाला देते हुए इस मामले में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *