

कोरबा। बैसाखी एवं खालसा पंथ के 327वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर कोरबा के टी.पी. नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में सिख समाज के श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु महाराज के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं नगर पालिक निगम की महापौर संजू देवी राजपूत ने गुरुद्वारा पहुंचकर अरदास की और प्रदेश व शहर की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।कार्यक्रम के दौरान सिख समाज द्वारा मंत्री लखनलाल देवांगन का सम्मान किया गया। गुरुद्वारा परिसर में सीएसआर मद से पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य को अल्प समय में पूर्ण कराने पर समाज के अध्यक्ष सरदार सुखविंदर सिंह धोत ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, वहीं श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह भाटिया ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। महापौर संजू देवी राजपूत को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।संगत को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि गुरु साहिब की वाणी से मन को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि बैसाखी का पर्व हमें साहस, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भविष्य में भी सिख समाज की सेवा और विकास कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं समाज के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से सुखविंदर सिंह धोत, अमरीक सिंह धंजल, परविंदर सिंह भाटिया, उत्तम सिंह रंधावा, सोनू भाटिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

