
कोरबा में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के तत्वावधान में 24 नवंबर 2026, मंगलवार को आयोजित गुरु पर्व के विभिन्न कार्यक्रमों में समाज के लोगों सहित सर्व समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
गुरु पर्व के अवसर पर सुबह स्वामी भाई बाजाराम दरबार में श्री भोग साहब, शब्द कीर्तन, आरती एवं अरदास का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के आदर्शों, संदेशों और आध्यात्मिक विचारों को स्मरण किया।
दोपहर में सिंधु भवन में आम लंगर का आयोजन किया गया, जहां सर्व समाज के श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। लंगर में लोगों ने सेवा, सद्भाव और भाईचारे की भावना के साथ सहभागिता की।
वहीं, रात 11 बजे से स्वामी भाई बाजाराम दरबार में भाई नारायण दास जज्ञासी जी द्वारा भजन-कीर्तन एवं शब्द वाणी का गायन किया गया। आधी रात के बाद 1:20 बजे आतिशबाजी के बीच केक काटकर श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।
गुरु पर्व के सभी कार्यक्रम पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के मार्गदर्शन में विभिन्न सहयोगी सामाजिक संगठनों एवं समाज के सदस्यों की सहभागिता से सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के अध्यक्ष श्री अशोक चावलानी जी एवं स्वामी भाई बाजाराम दरबार के गादीसर भाई नारायण दास जज्ञासी जी ने कार्यक्रमों को निर्विघ्न संपन्न कराने तथा आयोजन में सहभागिता निभाने वाले सभी सहयोगियों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


