

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में SECL प्रभावितों का कलेक्ट्रेट घेराव 15 जून को, घंटाघर ओपन थिएटर में जुटेगा भू-विस्थापितों का जमवाड़ा
जिले में SECL परियोजनाओं से प्रभावित भू-विस्थापितों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में 15 जून को कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इससे पहले शहर के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में भू-विस्थापितों का बड़ा जमावड़ा होगा, जहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया जाएगा।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रभावितों की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन का नेतृत्व करने की सहमति दी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि प्रभावितों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और उनके हक के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
विस्थापित संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि SECL परियोजनाओं के चलते प्रभावित हुए परिवार वर्षों से रोजगार, समुचित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपने और ध्यानाकर्षण के बावजूद ठोस पहल नहीं होने से प्रभावितों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
