रायपुर में नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त का मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 की गिरफ्तारी

रायपुर में नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त का मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 की गिरफ्तारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के गंभीर मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नवजात बच्ची की खरीद से जुड़े आरोपी जितेन्द्र खेतान को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया है। फिलहाल बच्ची को देखभाल और संरक्षण के लिए मातृछाया में रखा गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व में गिरफ्तार कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था। आजाद चौक थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 307/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने पहले गिरफ्तार कृतिका साहू सहित अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ की थी। इसी पूछताछ में जितेन्द्र खेतान का नाम सामने आया।

पुलिस ने पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान जब आरोपी से नवजात बच्ची के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया।

कई नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने का संदेह

जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि जितेन्द्र खेतान अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार, इस अवैध गतिविधि में गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से भी नेटवर्क संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि अब तक कितने नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई है और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

जितेन्द्र खेतान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपियों के आपसी संपर्कों, बच्चों की खरीद-बिक्री और इस पूरे नेटवर्क के संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ और जांच में इस अवैध कारोबार से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का यह मामला बेहद गंभीर है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता बरामद बच्ची की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के साथ-साथ इस अवैध नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों तक पहुंचना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!