Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा: अवैध रेत ला रहा ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत; दो घायल

कोरबा: अवैध रेत ला रहा ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत; दो घायल

 कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम मड़वारानी के पास उस समय हुआ, जब सोन नदी से रेत भरकर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। मृतक की पहचान शिवकुमार पटेल (29) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल, अमित कुमार और अन्य युवक प्रतिबंध के बावजूद सोन नदी से रेत निकालने गए थे। रेत भरकर लौटते समय ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सहित सड़क किनारे पलट गया। हादसे में शिवकुमार ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शिवकुमार को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें और अन्य घायलों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रैक्टर चालक अमित कुमार समेत एक अन्य घायल का उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रैक्टर मालिक और अवैध रेत परिवहन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

लंबे समय से जारी है अवैध रेत कारोबार

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मड़वारानी और आसपास के क्षेत्रों में सोन नदी से अवैध रेत खनन और परिवहन का कारोबार लंबे समय से चल रहा है। प्रतिबंध के बावजूद रात और सुबह के समय बड़ी संख्या में ट्रैक्टर नदी से रेत निकालते हैं। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं।

कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा खनन

खनिज विभाग ने जिले की नदियों और नालों से रेत निकासी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर अवैध वाहनों को जब्त कर रहा है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *