Home / कोरबा / हाथ में तलवार लेकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल

हाथ में तलवार लेकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल

कोरबा। पुलिस द्वारा संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मानिकपुर चौकी पुलिस ने तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष) निवासी मुड़ापार मुस्लिम बस्ती अपने घर के सामने हाथ में धारदार तलवार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 641/2026 के तहत धारा 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया।

पिछले 4-5 दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत तीसरी बड़ी कार्रवाई

कोरबा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पिछले चार-पांच दिनों में यह आर्म्स एक्ट के तहत लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

अपराधियों को सख्त चेतावनी

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, दादागिरी करने और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *