Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

जयसिंह अग्रवाल ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर भाजपा को घेरा :-निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की उठाई मांग

जयसिंह अग्रवाल ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर भाजपा को घेरा :-निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की उठाई मांग

 शहर की राजनीति में भगवान राम की एंट्री के साथ सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व राजस्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय सिंह अग्रवाल ने रविवार को टीपी नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि “भगवान राम किसी एक पार्टी की जागीर नहीं हैं। राम देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रतीक हैं। भाजपा ने भगवान राम को सत्ता हासिल करने का माध्यम बना लिया है।”

जय सिंह अग्रवाल ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी को केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में भाजपा नेताओं की चुप्पी संदेह पैदा करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला भगवान राम की आस्था से जुड़ा है, तब सत्ता पक्ष खुलकर जवाब क्यों नहीं दे रहा।

पूर्व मंत्री ने सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच के नाम पर केवल छोटे कर्मचारियों और निचले स्तर के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूरे प्रकरण के वास्तविक जिम्मेदार अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने कहा, “सरकार छोटी मछलियों को फंसाकर मगरमच्छों को बचाने में लगी है। जब तक बड़े लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी।”

उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा है और इसकी पारदर्शी जांच होना आवश्यक है।

प्रेस वार्ता के अंत में जय सिंह अग्रवाल ने दोहराया कि “राम पूरे देश के हैं, किसी पार्टी के नहीं। भगवान राम को राजनीति का हथियार बनाने के बजाय उनकी मर्यादा और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!