
mediasession.in Korba। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सिंधी समाज द्वारा रविवार, 22 नवंबर 2026 को प्रातः 6 बजे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। ‘जय झूलेलाल’ और ‘सतनाम श्री वाहेगुरु जी’ के जयकारों के बीच निकली प्रभात फेरी में समाज के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की।
प्रभात फेरी का शुभारंभ स्वामी भाई बाजाराम दरबार से हुआ। यहां से प्रभात फेरी रानी रोड, इतवारी बाजार, अनंत इमेजिन पटेल पारा, मिशन रोड, रामसागर पारा, मेन रोड, संत श्री कंवराराम उद्यान और पुनः रानी रोड होते हुए स्वामी भाई बाजाराम दरबार पहुंची। यहां विधिवत अरदास एवं पल्लव के साथ प्रभात फेरी का समापन किया गया।
इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा स्वागत स्टॉल लगाए गए थे। श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी का पुष्प एवं भावपूर्ण स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर सामूहिक अरदास का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं एवं उनके बताए सेवा, सद्भाव और मानवता के मार्ग का संदेश प्रसारित हुआ।
24 नवंबर को पाठ साहब का भोग एवं आम भंडारा

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा द्वारा आगामी 24 नवंबर 2026 को श्री गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित पाठ साहब का भोग एवं आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पंचायत ने समस्त समाजजनों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने और सेवा कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।प्रभात फेरी के माध्यम से एक बार फिर सिंधी समाज ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, सेवा और गुरु परंपरा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।





