कोरबा में 24 नवंबर को गूंजेगी गुरुवाणी, धूमधाम से मनेगा श्री गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व; प्रभात फेरी से भंडारे तक होंगे भव्य आयोजन

कोरबा। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व कोरबा में पूरे श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व के आयोजन एवं विभिन्न सेवा कार्यों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने के उद्देश्य से पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा एवं सहयोगी सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक 14 नवंबर 2026, शनिवार को सिंधु भवन, शहीद हेमू कालाणी नगर, रानी रोड कोरबा में आयोजित की गई। बैठक में प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

पर्व के उपलक्ष्य में स्थानीय स्वामी भाई बाजाराम दरबार साहिब में दस दिवसीय श्री पाठ साहेब का शुभारंभ किया जा चुका है, जो 24 नवंबर गुरुनानक जयंती तक निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह एवं शाम सत्संग के साथ आरती, अरदास और पल्लव के कार्यक्रम संपन्न होंगे।

22 नवंबर को निकलेगी भव्य प्रभात फेरी

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 22 नवंबर, रविवार को प्रातः 5 बजे स्वामी भाई बाजाराम दरबार, रानी रोड से संगीतमय प्रभात फेरी निकाली जाएगी। आरती एवं अरदास के साथ प्रारंभ होने वाली यह प्रभात फेरी इतवारी बाजार, मेन रोड, रामसागर पारा और संत कंवर राम उद्यान सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए नगर भ्रमण एवं नगर-कीर्तन के पश्चात पुनः स्वामी भाई बाजाराम दरबार में पहुंचकर विश्राम करेगी।

इसी दिन दोपहर 3 बजे से सिंधु महिला मंडल कोरबा द्वारा सिंधु भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।

24 नवंबर को होगा मुख्य प्रकाश पर्व का आयोजन

श्री गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 11 बजे स्वामी भाई बाजाराम दरबार में चल रहे श्री पाठ साहेब का भोग साहेब श्री भाई साहब नारायण दास जज्ञासी द्वारा पंचायत के पंचों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं की गरिमामयी मौजूदगी में संपन्न कराया जाएगा।

इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक स्थानीय सिंधु भवन में आम भंडारे का आयोजन होगा। इसमें सिंधी समाज सहित सभी समाजों एवं वर्गों के श्रद्धालु गुरु का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

प्रकाश पर्व की विशेष धार्मिक खुशियां रात्रि में भी जारी रहेंगी। स्वामी भाई बाजाराम दरबार में रात्रि 11 बजे से शब्द कीर्तन एवं गुरुवाणी का कार्यक्रम प्रारंभ होगा, जो श्री गुरुनानक देव जी के जन्म समय रात्रि 1:20 बजे तक चलेगा। जन्म समय पर आतिशबाजी के साथ श्रद्धालु गुरु के प्रकाश पर्व की खुशियां मनाएंगे।

सपरिवार शामिल होने की अपील

पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा के अध्यक्ष श्री अशोक चावलानी ने समाज के समस्त बंधुओं से प्रकाश पर्व के सभी कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होकर गुरु दरबार की सेवा करने एवं श्री गुरुनानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!