Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल हाफ बिजली बिल योजना बहाल करने की मांग ! प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। बिजली की बढ़ी दरों, स्मार्ट मीटर और महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। जिला कांग्रेस कार्यालय टीपी नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और नोवेल वर्मा समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। नेताओं का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने और तिगुने तक पहुंच गए हैं। इससे घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिलता था। उनके अनुसार इस योजना से आम परिवारों को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत मिलती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे बंद कर दिया। कांग्रेस ने इस योजना को तत्काल पूर्व की तरह बहाल करने की मांग की है। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने के साथ ही मीटरों में कथित गड़बड़ी और अधिक बिलिंग की शिकायतों की पारदर्शी जांच कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि जब तक उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान नहीं होता, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। प्रेस वार्ता में बिजली के साथ-साथ बढ़ती महंगाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं और रोजमर्रा के उपयोग की सामग्री की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी परेशान है। किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी कि बिजली की बढ़ी दरें वापस नहीं ली गईं, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नहीं रोकी गई और हाफ बिजली बिल योजना बहाल नहीं की गई तो कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र प्रदर्शन और जन आंदोलन करेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!