Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

कोरबा: पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ छेड़छाड़ का आरोपी, बाथरूम का बहाना बनाकर भागा; नाकाबंदी कर तलाश जारी

 कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। युवती से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देकर भाग गया।

फरार आरोपी की पहचान खीरचंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत केस दर्ज था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया था।

सूचना पर पुलिस ने पकड़ा था आरोपी

कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि खीरचंद धारा 354 के पुराने मामले का स्थायी वारंटी था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसके बारे में सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम जाने दिया। इसी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला।

नाकाबंदी कर तलाश शुरू

आरोपी के भागने की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी। आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 265 के तहत भी मामला दर्ज किया है। अब उसके खिलाफ पुराने छेड़छाड़ के मामले के साथ पुलिस हिरासत से फरार होने का नया केस भी दर्ज हो गया है।

एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!