Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

डीजल चोरी करने पहुंचे आधा दर्जन बदमाशों का ट्रेलर चालक ने किया प्लान फेलः स्कॉर्पियो को मारी जोरदार टक्कर, वाहन छोंड़ फरार हुए डीजल चोर

कोरबा  कटघोरा बाईपास पर खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने पहुंचे 6 से 7 बदमाशों का प्लान एक ट्रेलर चालक की हिम्मत के कारण फेल हो गया। बदमाश स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे थे और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से डीजल निकाल रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर चालक की नजर उन पर पड़ गई। चालक ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कथित तौर पर उसे धमकाया। इसके बाद चालक ने हिम्मत दिखाते हुए अपना ट्रेलर स्टार्ट किया और बदमाशों की स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बदमाश वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक घटना 2 सितंबर की सुबह तड़के कटघोरा बाईपास की है। सड़क किनारे कई ट्रेलर खड़े थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो में 6 से 7 लोग पहुंचे और खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने एक ट्रेलर से डीजल निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान ट्रेलर चालक की नजर उन पर पड़ गई। चालक ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उसे धमकाया। इसके बावजूद चालक पीछे नहीं हटा और उसने अपना ट्रेलर स्टार्ट कर दिया। बदमाशों को रोकने के प्रयास में चालक ने अपने ट्रेलर से उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अचानक हुई टक्कर से बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भाग निकले। डीजल चोरी की कोशिश भी नाकाम हो गई, जबकि बदमाश अपनी स्कॉर्पियो वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पूरी घटना के अहम सुराग पास के पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों से मिले हैं। फुटेज में स्कॉर्पियो से संदिग्धों के मौके पर पहुंचने और खड़े ट्रेलरों के आसपास गतिविधियां करते हुए नजर आने की बात सामने आई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद ट्रेलर चालक ने तत्काल डायल 112को सूचना दी। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों द्वारा छोड़ी गई स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। वाहन से डीजल के कंटेनर भी बरामद किए गए हैं। स्कॉर्पियो को थाने लाया गया है। कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, वाहन जब्त कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

घटना के बाद कटघोरा बाईपास पर ट्रक और ट्रेलर चालकों में डीजल चोरी को लेकर चिंता बढ़ गई है। चालकों का कहना है कि बाईपास पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। यह भी जानकारी सामने आई है कि इसी गिरोह की पाली थाना क्षेत्र में हुई डीजल चोरी की किसी घटना में संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

6 से 7 संदिग्धों के एक साथ पहुंचने के बावजूद ट्रेलर चालक ने घबराने के बजाय उन्हें रोकने की कोशिश की। चालक की तत्परता से डीजल चोरी की कोशिश नाकाम हो गई और टक्कर के बाद संदिग्ध अपनी स्कॉर्पियो छोड़कर भागने को मजबूर हुए। अब पुलिस जब्त वाहन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने और संदिग्धों तक पहुंचने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!