
कोरबा। गोढ़ी देहांतपारा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। करैत सांप के डसने से 12 वर्षीय छात्र रामकृष्ण मंझवार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम है, वहीं 108 एंबुलेंस सेवा की कथित देरी को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कक्षा 6वीं में पढ़ने वाला रामकृष्ण शनिवार तड़के घर में सो रहा था। इसी दौरान करैत सांप ने उसके गले में डस लिया। सांप के डसने के बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने का आरोप है। बच्चे की हालत बिगड़ती देख उसके पिता उसे बाइक से अस्पताल लेकर निकल पड़े। रास्ते में एंबुलेंस मिलने के बाद रामकृष्ण को मेडिकल कॉलेज कोरबा पहुंचाया गया।
अस्पताल में उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। रविवार को उपचार के दौरान 12 वर्षीय रामकृष्ण ने दम तोड़ दिया।





