Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला पंचायत कार्यालय में प्रज्ज्वलित किए गए ‘आशीर्वाद के दीये

दीयों की जगमगाहट से रोशन हुआ जिला पंचायत कार्यालय

स्व सहायता समूह की दीदियों ने बनाई आकर्षक रंगोली

कोरबा, 17 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार की संध्या जिला पंचायत कार्यालय कोरबा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। वहीं, स्व सहायता समूह की दीदियों ने सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोली बनाकर कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, सहायक कलेक्टर  इशांत जायसवाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण सहित जिला पंचायत के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे । सभी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया।

सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य विगत 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा सेवा और विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा कोरबा जिले के समस्त नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में 11 प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इसके साथ ही जिले के प्रत्येक परिवार स्तर पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने की पहल की गई। राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों एवं गैस केंद्रों के माध्यम से भी दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित की गई।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जनसेवा के प्रति कृतज्ञता, सामूहिक सहभागिता और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका का संदेश दिया गया। जिलेभर में दीपों की रोशनी के साथ सेवा, समर्पण और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!