
कोरबा। जिले के पाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिवारों में मातम पसरा हुआ है।मृत बच्चियों की पहचान इंदु (7 वर्ष), राखी (8 वर्ष) और साधना (8 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बच्चियों के परिजन अपने-अपने काम पर गए हुए थे। तीनों बच्चियां घर पर थीं और स्कूल भी नहीं गई थीं। दोपहर के समय वे आपस में तालाब की ओर चली गईं।
काफी देर तक जब बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए परिजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे, जहां किनारे पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इससे लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसी दौरान तालाब के पानी में एक बच्ची का शव दिखाई दिया।इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर तालाब में खोजबीन अभियान चलाया, जिसके बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पानी में डूबने का सामने आया है। बताया जा रहा है कि तीनों सहेलियां तालाब में नहाने के लिए गई थीं। उस समय तालाब के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान तीनों बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गईं और डूब गईं। हालांकि हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत की खबर सामने आने के बाद बस्ती में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों बच्चियों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। तालाब से तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच जारी है।




