Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

बंदियों से जानी समस्याएं, स्वास्थ्य सेवाओं और विधिक सहायता की हुई समीक्षा

कोरबा 23 सितंबर 2026/ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा,  नीता यादव की अध्यक्षता में जिला जेल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सदस्यों ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया। इसमें कैदियों के बैरक, रसोईघर, स्वास्थ्य केन्द्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीता यादव ने जेल अधीक्षक व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैदियों के लिए स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी व्यवधान के सुनिश्चित की जाए। इस निरीक्षण के दौरान जिला दंडाधिकारी / कलेक्टर कोरबा,कुणाल दुदावत ने सहायक जेल अधीक्षक कोरबा को बंदियों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा खाद्य सामग्री, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए । 

संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा जेल के भोजनालय का निरीक्षण कर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही जेल में उपलबध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं बंदियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई। निरीक्षण दल द्वारा जेल की विभिन्न बंदियों से सीधे संवाद किया गया। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं को सुनकर उन्हें उपलब्ध विधिक उपचार एवं सहायता के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत तथा उपलब्ध विधिक सहायता की प्रक्रिया के संबंध में भी सामान्य जानकारी दी गई साथ ही पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के संबंध में संबंधितों को सुनिश्चित करना निर्देशित किया गया कि जेल में निरूद्ध प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी प्राप्त हो तथा आवश्यकतानुसार उसे उचित कानूनी सहायता उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के माध्यम से जेल प्रशासन को बंदियों की मूलभूत आवश्यकताओं एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीता यादव, कुणाल दुदावत कलेक्टर कोरबा, देवेन्द्र पटेल अपर कलेक्टर कोरबा, नीतिश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा, सुश्री मयुरा गुप्ता, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, प्रतिधारक अधिवक्ता शिल्पा दांडेकर, दीपेश भारती, राकेश डांडी (एस.डी.ओ.), चंचल श्रीवास्तव (डी. टी. आई.सी.), डी.पी.एस. कंवर, सहायक जेल अधीक्षक अमितेश साहू व स्टॉफ उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!