कोरबा में ELC अभियान को मिलेगी रफ्तार, 28 सितंबर से बूथ लेवल अधिकारियों का विधानसभा वार प्रशिक्षण शुरू

निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के सभी मतदान केंद्रों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का विधानसभा वार प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।

सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि स्वीप कार्ययोजना के तहत विशेष रूप से युवा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने और उनके बीच मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थानों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) का गठन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों, उच्च शिक्षण संस्थानों, मतदान केंद्रों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा औद्योगिक इकाइयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इसी अभियान के तहत सभी मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारियों को ELC के सुचारू संचालन, मतदाता जागरूकता गतिविधियों और युवाओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक विधानसभा वार आयोजित किया जा रहा है।28 सितंबर को 22-कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में सुबह 10:30 बजे से आयोजित किया जाएगा।

30 सितंबर को 23-पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाली ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण सुबह 10:30 बजे से जनपद पंचायत पाली के सभाकक्ष में होगा। वहीं पोड़ीउपरोड़ा ब्लॉक के बीएलओ का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे से स्वामी आत्मानंद स्कूल सेजेस पोड़ीउपरोड़ा में आयोजित किया जाएगा।

1 अक्टूबर को 20-रामपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में आयोजित होगा। इसी दिन 21-कोरबा विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे से कलेक्टोरेट सभाकक्ष कोरबा में आयोजित किया जाएगा।प्रशासन ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ELC प्रशिक्षण में संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स को निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। अभियान के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!