कोरबा में मतदाता सूची पर कांग्रेस का हल्ला बोल! रैली से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन, फूंका CEC का पुतला; इस्तीफे की मांग

कोरबा। मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को कोरबा में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री श्री जय सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट तक मार्च किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। साथ ही उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई।

Advertisement no. 201a

रैली के कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में SIR और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी एवं डेटा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच तथा आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण की मांग की गई। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देश की जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया को लेकर सामने आई आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता भी बताई।

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री मनोज चौहान और पूर्व विधायक श्री श्यामलाल कंवर सहित अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि संविधान, मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े उठाए गए सवालों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!