दीपका में दिनदहाड़े मारपीट और चाकूबाजी, दो आरोपी गिरफ्तार

 कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े हुई मारपीट और चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना 2 अक्टूबर 2026 की बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. चंटी बाबू और शुभम यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को दीपका बाजार के मुख्य मार्ग पर किन्नर समुदाय के सदस्य घूम-घूमकर लोगों से आशीर्वाद ले रहे थे। इसी दौरान थर्ड जेंडर समुदाय के एक सदस्य और दीपका निवासी पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मुख्य सड़क पर सरेआम मारपीट के दौरान चाकूबाजी भी हुई, जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से दीपका थाना में शिकायत दी गई। किन्नर समुदाय के सदस्य की ओर से पिता-पुत्र पर अपशब्द कहने और अनुचित तरीके से टच करने का आरोप लगाया गया, जबकि पिता-पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके साथ बेवजह मारपीट की गई और उन्हें निशाना बनाया गया।

दीपका थाना में पदस्थ एएसआई किशन कुमार के अनुसार, प्रार्थी पंकज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अक्टूबर को कुछ थर्ड जेंडर व्यक्तियों सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पी. चंटी बाबू और शुभम यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!