नवरात्र के लिए मंदिरों और पूजा पंडालों में तैयारियां शुरू

कोरबा, आश्विन नवरात्र पर्व का शुभारंभ 11 अक्टूबर से होने जा रहा है। शक्ति की उपासना के इस प्रमुख पर्व को लेकर कोरबा नगर, उपनगर, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बनने लगा है। देवी मंदिरों में नवरात्रि पर्व की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई और साज-सज्जा का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है, ताकि नवरात्रि शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।

कोरबा के प्रमुख देवी मंदिरों सर्वमंगला मंदिर, कंकालिन मंदिर, भवानी मंदिर, वैष्णो दरबार, महिषासुर मर्दिनी मंदिर, विंध्यवासिनी मंदिर, सिद्धिदात्री मंदिर, देवपहरी और हसदेव बैराज क्षेत्र स्थित भवानी मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों में नवरात्रि पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इन मंदिरों में नवरात्रि के दौरान नियमित पूजा-अर्चना के साथ देवी भागवत, दुर्गा सप्तशती पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।

नवरात्रि के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके लिए श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिर समितियों के पास पहले से पंजीयन कराया है। कई मंदिरों में ज्योति कलश स्थापना की संख्या हजारों में पहुंचने की संभावना है। नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिरों में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहने की उम्मीद है। नवरात्रि पर्व के लिए कोरबा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों स्थानों पर देवी प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए जगह-जगह पंडाल निर्माण का काम शुरू हो चुका है। आयोजन समितियां अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटी हुई हैं। कहीं आयोजन का बजट पांच लाख रुपये के आसपास है तो कुछ बड़े आयोजनों में 50 लाख रुपये तक खर्च किए जाने की तैयारी है। समितियों ने अपने बजट के अनुसार विद्युत सजावट, पंडाल, प्रतिमा, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं की योजना तैयार की है।

नवरात्रि के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ विभिन्न स्थानों पर जगराता, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इसके लिए आयोजन समितियों ने स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आने वाले कलाकारों और मनोरंजन समूहों से भी संपर्क शुरू कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक नवरात्रि के नौ दिनों में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, नवरात्रि पर्व को लेकर कोरबा में मंदिरों से लेकर आयोजन समितियों तक तैयारियों का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देवी प्रतिमाओं के पंडाल, विद्युत सजावट और धार्मिक आयोजनों के चलते नवरात्रि का माहौल और अधिक दिखाई देने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!