
कोरबा।त्योहारों की खुशियां इस बार बाजार की रौनक बढ़ाने के साथ कारोबार को भी नई गति देने की उम्मीद जगा रही हैं। शासकीय और निजी संस्थानों में बोनस मिलने से उत्साहित कर्मचारी और उनके परिवार धनतेरस व दीपावली पर बड़ी खरीदारी की तैयारी में जुटे हैं। इसी उम्मीद में शहर के ऑटोमोबाइल, सराफा और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों ने ग्राहकों की पसंद के अनुरूप नए मॉडल, आधुनिक डिजाइन और आकर्षक ऑफर्स के साथ अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते इन तीनों क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कई परिवार त्योहार के आखिरी दिनों में होने वाली भीड़ से बचने के लिए पहले से ही अपनी पसंद के सामान की तलाश कर रहे हैं। वहीं, मनपसंद मॉडल और शुभ मुहूर्त में खरीदारी सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम बुकिंग का विकल्प भी अपनाया जा रहा है। त्योहारी खरीदारी में ऑटोमोबाइल सेक्टर की अहम हिस्सेदारी रहती है। कार और बाइक खरीदने के लिए ग्राहक धनतेरस के मुहूर्त को प्राथमिकता देते हैं। इसे देखते हुए शोरूम संचालकों ने विभिन्न श्रेणियों के नए मॉडल और ग्राहकों की जरूरत के अनुरूप विकल्प तैयार रखे हैं। जानकारी के अनुसार, इस साल वाहन कारोबारियों ने 30 हजार से अधिक वाहनों का स्टॉक मंगाया है। वाहन खरीदने वालों के लिए पहले से बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि मुहूर्त के दिन पसंदीदा वाहन की डिलीवरी लेने में परेशानी न हो।
सराफा बाजार में सोने-चांदी की चमक
धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण और सिक्के खरीदने की परंपरा सराफा कारोबार के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए ज्वेलरी शोरूम में नए डिजाइन के आभूषण और विभिन्न विकल्प सजाए गए हैं। परिवार अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी की योजना बना रहे हैं। सोने-चांदी के सिक्कों की मांग भी इस अवसर पर कारोबारियों की उम्मीदों का प्रमुख आधार है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में नए मॉडल और ऑफर्स
टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीदारी भी त्योहारों के दौरान जोर पकड़ती है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार नए मॉडल और विशेष ऑफर्स के साथ तैयार हैं। बोनस की राशि का इस्तेमाल घरेलू जरूरतों के सामान खरीदने में किए जाने की उम्मीद से इस क्षेत्र के कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की आस है।





