दीपावली से पहले कोरबा पुलिस अलर्ट, पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में व्यापारियों की बैठक, अग्निशमन दल ने दिया आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण; नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

कोरबा। दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पटाखा व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर उन्हें लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा और जनसुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम कोरबा के सुमित गुप्ता तथा होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे

लाइसेंस के बिना कारोबार और निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण पर रोक

पुलिस अधिकारियों ने पटाखा कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक दुकान में वैध लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। पटाखों का विक्रय एवं भंडारण केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान और निर्धारित मात्रा के अनुसार ही किया जाएगा। लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बाद कारोबार करने तथा दुकान का अन्य प्रयोजनों के लिए उपयोग करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

दुकान में अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी रखना अनिवार्य

आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक दुकान में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। दुकानों में बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खुली आग का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षित विद्युत वायरिंग, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

अग्निशमन दल ने दिया लाइव डेमो

बैठक का महत्वपूर्ण पहलू होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा। अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने व्यापारियों को आग लगने की स्थिति में अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी और मौके पर उपकरणों का प्रदर्शन कर आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया समझाई। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों के संचालन की जानकारी रखने की हिदायत दी गई।

प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर रहेगी नजर

पुलिस ने व्यापारियों को केवल वैध एवं अधिकृत पटाखों का ही विक्रय करने के निर्देश दिए। प्रतिबंधित पटाखों तथा अन्य ज्वलनशील सामग्रियों के अनधिकृत भंडारण पर रोक लगाई गई है। दुकानों के सामने भीड़ जमा नहीं होने देने, वाहनों की पार्किंग रोकने और आपातकालीन निकास मार्ग खुले रखने के निर्देश भी दिए गए। नाबालिगों को पटाखों की बिक्री सहित सभी लागू कानूनी प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

लापरवाही बरती तो होगी वैधानिक कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि जनसुरक्षा और अग्नि सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने वाले पटाखा कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। लाइसेंस की शर्तों अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आगजनी अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दें, ताकि दीपावली का पर्व कोरबा में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!