आवास अधूरे मिले तो चलेगा विशेष अभियान, पीएम जनमन के मकानों को पहले पूरा करने के निर्देश एक दिसंबर से गांवों में शुरू होंगे विकास कार्य, विकसित भारत-जी राम जी के तहत रोजगार और जल संरक्षण पर रहेगा जोर

कोरबा ग्रामीणों के अधूरे आवास अब प्रशासन की प्राथमिकता में हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत मकानों को पूरा कराने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। खासकर पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए स्वीकृत पीएम जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत एक दिसंबर से ग्राम पंचायतों में विभिन्न निर्माण कार्य शुरू कराकर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की तैयारी है।

शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में आ रही बाधाओं का तत्काल निराकरण किया जाए। मैदानी अमला हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखे और नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करे। जनपद पंचायत स्तर पर हितग्राहीवार समीक्षा कर आवास पूर्णता की कार्ययोजना बनाई जाए। निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक दिसंबर से गांवों में शुरू होंगे निर्माण कार्य

विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा के दौरान सीईओ ने स्वीकृत निर्माण कार्यों को एक दिसंबर से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। इनमें बालिका शौचालय, खराब पड़े बोरवेल, मुक्तिधाम, पंचायत भवन, खाद्यान्न भंडारण केंद्र, आंगनबाड़ी भवन और धरसा सहित अन्य मूलभूत संरचनाओं के निर्माण शामिल हैं। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार अभियान चलाकर अधिकाधिक ग्रामीणों को काम से जोड़ने पर जोर दिया।

शिकायतों के निराकरण में देरी नहीं चलेगी

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा पंचायत स्तर पर लंबित निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने को कहा गया। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!