
बिजली-पानी के अभाव में अंधेरे में गुजर रही पहाड़ी कोरवा परिवारों की जिंदगी, मूलभूत सुविधाओं के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणकोरबा। जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवार आज भी बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। आधुनिक दौर में भी इन परिवारों को अंधेरे में रात गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्या से जूझ रहे पहाड़ी कोरवा परिवारों की परेशानी को लेकर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज कल्याण समिति ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत सतरेंगा के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला खोखरा आमा, कुकरी चोली, बरपानी और चिराईझुंझ सहित आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 30 से 35 पहाड़ी कोरवा परिवार निवास करते हैं। पहाड़ों के ऊपर बसे इन गांवों और बस्तियों तक अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच पाई है। इसके कारण यहां रहने वाले परिवारों को रात के समय अंधेरे में रहना पड़ता है।बिजली के साथ पेयजल की भी समस्यासमिति ने बताया कि बिजली की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को दैनिक जीवन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरेलू कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा इन बस्तियों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है, जिससे परिवारों को पानी के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।समाज कल्याण समिति ने प्रशासन से मांग की है कि इन पहाड़ी बस्तियों में सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की व्यवस्था की जाए, ताकि बिजली लाइन पहुंचाने में आने वाली भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद परिवारों को रोशनी मिल सके। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों को नियमित बिजली और स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांगसमिति ने जिला प्रशासन से पहाड़ी कोरवा परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। समिति का कहना है कि विशेष पिछड़ी जनजाति के इन परिवारों को भी अन्य नागरिकों की तरह बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए।अब देखना होगा कि प्रशासन इस ज्ञापन पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और वर्षों से बिजली-पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं का इंतजार कर रहे पहाड़ी कोरवा परिवारों को कब तक राहत मिल पाती है।






