कोरबा : ​हाईकोर्ट के ऑर्डर से छेड़छाड़ कर थमाई फर्जी कॉपी, जमानत के नाम पर 2.75 लाख की ठगी, कथित वकील श्रीकांत राजपूत पर संगीन आरोप

कोरबा/बिलासपुर

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आधिकारिक आदेश में हेराफेरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमानत के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने का एक बेहद गंभीर मामला उजागर हुआ है। कोरबा के एक युवक ने कथित अधिवक्ता श्रीकांत सिंह राजपूत पर न केवल 2 लाख 75 हजार रुपये लेने बल्कि हाईकोर्ट के एक अन्य प्रकरण के मूल आदेश में छेड़छाड़ कर आवेदक के साथ-साथ अधिवक्ता के स्थान पर खुद का नाम अंकित करने का आरोप लगाया है। कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस संगीन शिकायत को जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक SSP बिलासपुर को प्रेषित कर दिया है।

सीधे किया रुपयों का लेनदेन, फिर थमाया कूटचरित आदेश

कोरबा के पंप हाउस निवासी विक्रम बग्गा 31 वर्ष द्वारा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायती आवेदन के अनुसार करीब 6 माह पूर्व उनकी मुलाकात अधिवक्ता श्रीकांत सिंह राजपूत से हुई थी। श्रीकांत ने स्वयं की प्रैक्टिस हाईकोर्ट मे बताते हुए विक्रम के साले हरविंदर सिंह हत्या धारा-302 के मामले में जेल में निरुद्ध हैं। शिकायत में बताया गया है कि श्रीकांत राजपूत ने जमानत दिलाने का झांसा देकर स्वयं रुपयों का लेनदेन किया और अलग-अलग किस्तों में कुल 2,75,000 रुपये 1,35,000 रुपये फोन-पे के जरिए तथा शेष राशि दोस्त के फोन-पे और नकद हासिल किए।

जब पीड़ित ने जमानत की प्रगति पूछी तो कथित अधिवक्ता श्रीकांत राजपूत ने टालमटोल करने के बाद माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की बेंच का एक आदेश MCRC No. 3569 of 2026 दिनांक 16.06.2026 की प्रति व्हाट्सएप ऐप के माध्यम से पीड़ित को प्रदान प्रदान किया । इस प्रति में आवेदक के रूप में हरविंदर सिंह और आवेदक के अधिवक्ता के रूप में मिस्टर श्रीकांत सिंह एडवोकेट का नाम अंकित था।

लेकिन जब इस आदेश की गहनता से जांच की गई और हाईकोर्ट के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर इस केस नंबर का मिलान किया गया तो पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हो गया। पोर्टल पर दर्ज वास्तविक एवं मूल आदेश MCRC No. 3569 of 2026 दिनांक 15.06.2026 सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र से जुड़े हनुमंतराव टंडन के मामले का है, जिसमें आवेदक के अधिवक्ता अभिषेक बंजारे हैं। आरोप है कि पेशे से कथित वकील श्रीकांत राजपूत ने हनुमंतराव टंडन के इस मूल आदेश में कूटचरित ढंग से बदलाव कर न सिर्फ आवेदक व केस का विवरण बदला बल्कि फर्जी तरीके से अधिवक्ता के कॉलम में अपना नाम भी जोड़ दिया।

पीड़ित विक्रम बग्गा ने 6 नवंबर 2026 को कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कर धोखाधड़ी और न्यायालय के आदेश की कूटचरणा करने के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। कोरबा एसपी कार्यालय ने शिकायत के प्राथमिक अवलोकन के बाद घटनास्थल जिला बिलासपुर का होने के कारण मामले को जांच एवं अग्रिम कार्रवाई हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक SSP बिलासपुर को भेज दिया है। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के साथ इस तरह की छेड़छाड़ का आरोप सामने आने के बाद अब बिलासपुर पुलिस की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

यह रिपोर्ट पीड़ित के शिकायती आवेदन कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रेषण पत्र और संलग्न दस्तावेजों के तथ्यों और वीडियो के माध्यम से पीड़ित की प्रतिक्रिया पर आधारित है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!