छत्तीसगढ़ में सीमेंट उद्योग को मिलेगा बढ़ावा, जांजगीर-चांपा की दो चूना पत्थर खदानों की नीलामी; 57 करोड़ टन से अधिक भंडार

रायपुर, 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ में सीमेंट उद्योग के विस्तार और नए निवेश की संभावनाएं बढ़ गई हैं। जांजगीर-चांपा जिले में स्थित चूना पत्थर के दो बड़े ब्लॉकों की नीलामी पूरी हो गई है। इनमें निरमा समूह की कंपनी न्यूवोको विस्टास और मुंबई की इंद्रा कंस्ट्रक्शन ने खदानें हासिल की हैं। दोनों ब्लॉकों में कुल 57 करोड़ टन से अधिक चूना पत्थर का भंडार मौजूद है। इस नीलामी को प्रदेश में सीमेंट उद्योग के लिए बड़े अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

सबसे खास बात यह है कि इंद्रा कंस्ट्रक्शन का छत्तीसगढ़ में फिलहाल कोई सीमेंट प्लांट नहीं है। ऐसे में खदान मिलने के बाद कंपनी के प्रदेश में नया सीमेंट प्लांट स्थापित करने की संभावना जताई जा रही है। इससे राज्य में औद्योगिक निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

25 कंपनियों ने दिखाई थी रुचि

विभागीय जानकारी के अनुसार, दोनों चूना पत्थर ब्लॉकों की प्री-बिड मीटिंग में करीब 25 कंपनियों ने हिस्सा लिया था। नीलामी में सीमेंट, अल्ट्राटेक और अडानी समूह जैसी बड़ी कंपनियों ने भी रुचि दिखाई थी। अंततः ढाबाडीह उत्तर ब्लॉक निरमा समूह की न्यूवोको विस्टास ने हासिल किया। कंपनी ने निर्धारित मूल्य से करीब 85 प्रतिशत अधिक बोली लगाई। वहीं, ढाबाडीह दक्षिण ब्लॉक मुंबई की इंद्रा कंस्ट्रक्शन को मिला, जिसने निर्धारित मूल्य से लगभग 65 प्रतिशत अधिक बोली लगाई।

दोनों खदानों में 57 करोड़ टन से अधिक चूना पत्थर

ढाबाडीह उत्तर ब्लॉक में 33.36 करोड़ टन और दक्षिण ब्लॉक में 23.66 करोड़ टन चूना पत्थर संसाधन दर्ज हैं। उत्तर ब्लॉक का क्षेत्रफल 414 हेक्टेयर और दक्षिण ब्लॉक का क्षेत्रफल 394 हेक्टेयर है। इतनी बड़ी मात्रा में चूना पत्थर उपलब्ध होने से सीमेंट उत्पादन और खनन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इंद्रा कंस्ट्रक्शन के लिए सीमेंट उद्योग में प्रवेश का अवसर

न्यूवोको विस्टास के अकलतरा और सोनाडीह में पहले से सीमेंट प्लांट संचालित हैं। वहीं, इंद्रा कंस्ट्रक्शन के लिए यह नीलामी छत्तीसगढ़ में सीमेंट उद्योग में प्रवेश का रास्ता खोल सकती है। खनन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कंपनी यहां सीमेंट प्लांट स्थापित करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए परिवहन व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स की उपलब्धता महत्वपूर्ण होगी।

दोनों चूना पत्थर ब्लॉक अकलतरा के नजदीक स्थित हैं, जबकि निकटतम रेलमार्ग की दूरी करीब 25 किलोमीटर है। ऐसे में भविष्य में परिवहन सुविधा विकसित करना भी निवेश की दृष्टि से अहम होगा। छत्तीसगढ़ पहले से ही देश के प्रमुख सीमेंट उत्पादक राज्यों में शामिल है। नए निवेश और संभावित सीमेंट प्लांट की स्थापना से प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!