कोरबा में तेज रफ्तार बाइक ने शिक्षक को मारी टक्कर, मौके पर मौत; पत्नी को स्कूल छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा

जिले के कटघोरा क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक शिक्षक अपनी पत्नी को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे थे, तभी सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक शिक्षक की पहचान अजय थवाइत के रूप में हुई है। अजय थवाइत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और उनकी पत्नी भी शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह बुधवार को भी अपनी पत्नी को एक्टिवा वाहन से स्कूल छोड़ने गए थे। पत्नी को स्कूल के गेट के पास छोड़ने के बाद शिक्षक पैदल सड़क पार कर अपने वाहन के पास वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक शिक्षक की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। उन्होंने खून से लथपथ पति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना में बाइक चालक भी घायल हो गया है। पुलिस के अनुसार बाइक के पीछे बैठा युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बाइक चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि फरार साथी की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद शिक्षक के परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। कटघोरा क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!