बालकों : तिलाईडांड के नाले में मिला 25 वर्षीय युवक का शव,

कोरबाबालको थाना क्षेत्र के ग्राम तिलाईडांड में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव गांव के नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुरेश कुमार कुजूर, निवासी तिलाईडांड के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

बताया गया कि सुरेश रविवार सुबह नहाने के लिए नाले की ओर गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान नाले के पानी में सुरेश का शव दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना बालको पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर शव को नाले से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

बालको पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक किन परिस्थितियों में नाले में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!