Welcome to Media session   Click to listen highlighted text! Welcome to Media session

119वें स्थापना दिवस पर बैंक ऑफ बड़ौदा ने मनाया ग्राहक सम्मान एवं जनजागरूकता दिवस

बीजापुर – जिला मुख्यालय में बैंक ऑफ बड़ौदा का 119वाँ स्थापना दिवस सोमवार को बीजापुर एवं गंगालूर , तर्रेम शाखा में उत्साह, गरिमा एवं ग्राहक सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बैंक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों का स्वागत करते हुए बैंक की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय समावेशन से जुड़ी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, बीजापुर शाखा के प्रबंधक सुनील कुमार पोल एवं गंगालूर शाखा के प्रबंधक राज रोशन ने उपस्थित हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा पिछले 119 वर्षों से देशवासियों को भरोसेमंद, सुरक्षित एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है। समय के साथ बैंक ने डिजिटल तकनीक को अपनाते हुए ग्राहकों के लिए बैंकिंग सेवाओं को अधिक सरल, तेज और सुरक्षित बनाया है।
उन्होंने ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम, कैश डिपॉजिट मशीन, डिजिटल भुगतान, बचत एवं चालू खाते, सावधि जमा एफडी, आवर्ती जमा आरडी, गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, कृषि ऋण, मुद्रा योजना, पेंशन योजनाएँ, बीमा योजनाएँ तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। शाखा प्रबंधकों ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना भी है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाएँ पहुँचाने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बैंक निरंतर कार्य कर रहा है।इस अवसर पर बैंक के हितग्राहियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें बैंक की नई सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्राहकों ने भी बैंक द्वारा दी जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक बीजपुर के शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार एवं अन्य बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बैंक के हितग्राही उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की निरंतर प्रगति, ग्राहक सेवा और देश के आर्थिक विकास में उसके योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Click to listen highlighted text!