Home / कोरबा / बालको की ‘ऑनलाइन’ जिद पर संग्रामः 100 करोड़ का व्यापार दांव पर, चेंबर ने किया आर-पार की लड़ाई का ऐलान

बालको की ‘ऑनलाइन’ जिद पर संग्रामः 100 करोड़ का व्यापार दांव पर, चेंबर ने किया आर-पार की लड़ाई का ऐलान

कोरबा 17 अप्रैल। औद्योगिक नगरी कोरबा के स्थानीय व्यापारिक हितों पर ऑनलाइन खरीदी की मार पड़ रही है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स, जिला चेंबर और बालको चेंबर ने बालको प्रबंधन द्वारा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सामग्री खरीदने की नीति पर गहरी चिंता जताई है। चेंबर का दावा है कि इस व्यवस्था से स्थानीय मार्केट का लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित हो रहा है, जिससे सीधे तौर पर 250 से अधिक छोटे-बड़े कारोबारी संकट में हैं।

टर्नओवर का ‘पेंच’ फंसाकर स्थानीय वेंडरों को किया बाहर
चेंबर के प्रदेश अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जिला अध्यक्ष योगेश जैन और बालको चेंबर अध्यक्ष सुमेर डालमिया ने परिचर्चा में बताया कि बालको प्रबंधन सुनियोजित तरीके से स्थानीय फर्मों को किनारे कर रहा है। पहले 2 करोड़ से कम टर्नओवर वाली फर्मों का रजिस्ट्रेशन बंद किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर 5 करोड़ और अब 10 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस शर्त के कारण स्थानीय वेंडर निविदा प्रक्रिया से पूरी तरह बाहर हो गए हैं और बड़ी बाहरी कंपनियों का एकाधिकार बढ़ रहा है।

फर्नीचर से लेकर मिठाई तक.. सब कुछ आ रहा बाहर से
व्यापारियों का कहना है कि बालको प्रबंधन अपने दैनिक उपयोग की सामान्य वस्तुएं जैसे फर्नीचर, कपड़े, दवाइयां, मिठाइयां, गिफ्ट आइटम और स्टेशनरी भी प्रदेश के बाहर की ऑनलाइन कंपनियों से मंगवा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि वेदांता के दूसरे राज्यों में स्थित संयंत्रों में स्थानीय कारोबारियों का विशेष ख्याल रखा जाता है, लेकिन कोरबा में स्थिति ठीक इसके उलट है। स्थानीय कारोबारी कम दर पर सामान देने को तैयार हैं, फिर भी उन्हें अवसर नहीं दिया जा रहा।
सर्वदलीय बैठक और आंदोलन की तैयारी
चेंबर ने चेतावनी दी है कि यदि बालको प्रबंधन ने अपनी नीति पर पुनर्विचार नहीं किया, तो जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। इसमें स्थानीय सांसद, विधायक और जनप्रतिधियों को शामिल कर रणनीति तैयार की जाएगी। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि पहले प्रशासन के माध्यम से समाधान का प्रयास होगा, और यदि बात नहीं बनी तो उग्र आंदोलन कर सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हथेंगे।
इस महत्वपूर्ण चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ चेंबर के कोषाध्यक्ष नितिन गुप्ता, जिला चेंबर के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश रामानी, सचिव नरेंद्र अग्रवाल और बालको चेंबर के कोषाध्यक्ष परमानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *