
कोरबा, । भीम आर्मी भारत एकता मिशन, कोरबा द्वारा ग्राम पंचायत बतरा के मिडिल स्कूल भवन के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने बताया कि ग्राम पंचायत बतरा का मिडिल स्कूल भवन पिछले लगभग पांच वर्षों से जर्जर अवस्था में है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालय भवन की खराब स्थिति के कारण बच्चों को जोखिम के बीच शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र नए स्कूल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए। उनका कहना है कि भारतीय संविधान प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार प्रदान करता है और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने निवेदन किया है कि यदि जल्द ही इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाए गए तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की मांग की।
